New Delhi/Alive News: नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही UPI और ATM के जरिए PF का पैसा निकालने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। श्रम मंत्रालय के अनुसार इस नई व्यवस्था की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।
केंद्रीय श्रम मंत्री मंसुख मांडविया ने बताया कि EPFO 3.0 प्लेटफॉर्म के तहत यह सुविधा शुरू की जाएगी। सरकार जल्द इसकी लॉन्च तारीख और दिशा-निर्देश जारी करेगी।
जानकारी के मुताबिक, कर्मचारी अपने PF खाते में जमा राशि का 75% तक UPI या ATM के जरिए तुरंत निकाल सकेंगे। हालांकि 100% PF निकासी के मौजूदा नियमों में कोई बदलाव नहीं होगा। पूरी राशि केवल रिटायरमेंट, नौकरी छूटने या अन्य निर्धारित परिस्थितियों में ही निकाली जा सकेगी।
EPFO इस सुविधा को विकसित करने के लिए NPCI के साथ मिलकर काम कर रहा है। भविष्य में खाताधारकों को एक विशेष EPF-ATM कार्ड भी दिया जा सकता है, जो सामान्य डेबिट कार्ड की तरह काम करेगा।
नई सुविधा का उद्देश्य PF निकासी प्रक्रिया को तेज और आसान बनाना है, ताकि कर्मचारियों को इमरजेंसी में पैसे के लिए लंबी प्रक्रिया और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

