June 15, 2026

अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की अंतिम रिपोर्ट में देरी, नागरिक उड्डयन मंत्री ने बताई वजह

अहमदाबाद एयर इंडिया AI171 विमान हादसे की जांच से जुड़ी जानकारी देते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री।

New Delhi/Alive News: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया AI171 विमान हादसे को एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसकी अंतिम जांच रिपोर्ट जारी नहीं की गई है। इस बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रिपोर्ट में हो रही देरी की वजह स्पष्ट की है।

एक इंटरव्यू में मंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां हादसे के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट जल्दी जारी करने से ज्यादा जरूरी है कि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

राम मोहन नायडू ने कहा कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को जांच पूरी करने के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ महीनों में जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट जारी की जा सकती है।

विमान हादसे की पहली बरसी पर मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कहा था कि जांच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

AAIB ने भी हाल ही में बताया कि जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुरुआती तथ्यात्मक रिपोर्ट 12 जुलाई 2025 को जारी की गई थी। पिछले एक वर्ष में जांच टीम ने विमान की तकनीकी स्थिति, फ्लाइट रिकॉर्डर डेटा, इंजन के पुर्जों, रखरखाव रिकॉर्ड, संचालन प्रक्रिया और मानव त्रुटि जैसी सभी संभावित वजहों का विस्तार से अध्ययन किया है।

ब्यूरो के अनुसार, अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और परीक्षणों के नतीजों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त तकनीकी परीक्षण और विशेषज्ञों की राय भी ली जाएगी ताकि अंतिम निष्कर्ष पूरी तरह वैज्ञानिक तथ्यों और सबूतों पर आधारित हों।

AAIB ने यह भी स्पष्ट किया है कि विमान दुर्घटना जांच का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को दोषी ठहराना नहीं होता। इसका मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के कारणों को समझना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा संबंधी सुझाव देना है।

गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एयर इंडिया का AI171 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के एक साल बाद भी पीड़ित परिवारों और देशभर के लोगों को अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार है।