June 12, 2026

स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, शहर को साफ-सुंदर बनाना प्राथमिकता: निगम आयुक्त

फरीदाबाद में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेते निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा।

Faridabad/Alive News: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सफाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में निगम आयुक्त ने शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई कार्य उच्च गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों, बाजारों, पार्कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को वार्डों में नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मचारियों के कार्यों की निगरानी रखने और नागरिकों की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बरसात के मौसम को देखते हुए निगम आयुक्त ने नालों और जल निकासी तंत्र की सफाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाएं नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम कर फरीदाबाद को स्वच्छ और आदर्श शहर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।