June 12, 2026

मौसम अलर्ट: दिल्ली-UP समेत 11 राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी, गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली, यूपी और हरियाणा में बारिश और आंधी को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट।

New Delhi/Alive News: भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत 11 राज्यों में अगले दो दिनों तक बारिश, तेज आंधी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में 11 और 12 जून को बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ तेज हवाएं, बिजली चमकने और गरज के साथ बादल छाने की भी संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 13 जून तक और पंजाब-हरियाणा में 11 से 13 जून तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 जून तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना रह सकता है।

दूसरी ओर, दक्षिण और पूर्वी भारत में भी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मानसूनी बारिश जारी है। अगले कुछ दिनों में मानसून बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों से दूर रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।