पूरे क्षेत्र में 24 घंटे इंटरनेट सेवा रहेगी ठप
Jaipur/Alive News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को 45 साल पुरानी नूरानी मस्जिद को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। मालवीय नगर स्थित इस मस्जिद को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना में बाधा बताते हुए अवैध निर्माण घोषित किया था।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। साथ ही अफवाहों और कानून-व्यवस्था की किसी भी समस्या को रोकने के लिए 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है।
मस्जिद कमेटी का कहना है कि नूरानी मस्जिद वर्ष 1981 में बनी थी और यहां पिछले कई दशकों से नियमित रूप से नमाज अदा की जा रही थी। कमेटी ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्रवाई के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।
जेडीए के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या है और सड़क चौड़ीकरण के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। इसी परियोजना के तहत नूरानी मस्जिद के अलावा एक मजार, दो छोटे मंदिर और एक सत्संग भवन को भी हटाया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए पहले 143 संपत्तियों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से अधिकांश पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। शेष धार्मिक स्थलों को अब हटाया जा रहा है ताकि परियोजना को पूरा किया जा सके।
इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

