September 23, 2026

टीएमसी नेता जहांगीर खान गिरफ्तार, नेपाल बॉर्डर के पास STF ने दबोचा

Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने टीएमसी नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। फाल्टा विधानसभा चुनाव में हिंसा और अन्य मामलों के आरोपी जहांगीर खान लंबे समय से फरार चल रहे थे।

फाल्टा विधानसभा चुनाव के दौरान उन पर ईवीएम में छेड़छाड़, राजनीतिक हिंसा और चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगे थे। चुनाव के दौरान उन्होंने चुनाव पर्यवेक्षक आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था, “अगर आप सिंघम हैं तो हम भी पुष्पा हैं।” इसके बाद वह काफी चर्चा में आ गए थे।

चुनाव में हिंसा और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने फाल्टा का मतदान रद्द कर दोबारा चुनाव कराने का फैसला किया था। दोबारा मतदान से पहले जहांगीर खान ने अपना नाम वापस ले लिया था। हालांकि उन्होंने इसकी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई थी। टीएमसी ने भी कहा था कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला था।

जहांगीर खान के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी, राजनीतिक हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने सहित सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

फाल्टा सीट पर दोबारा हुए चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की, जबकि जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे। उन्हें टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। उनकी हार के बाद पार्टी के भीतर भी नेतृत्व को लेकर सवाल उठे थे।