June 7, 2026

फरीदाबाद: अपराध शाखा ने चोरी की स्कूटी, बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोरी के आरोपी और बरामद वाहन।

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस की अलग-अलग अपराध शाखाओं की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग मामलों में चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो शातिर चोरों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

पुलिस प्रवक्ता ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गत 22 अप्रैल को फरीदाबाद के थाना मुजेसर में एक मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की तफ्तीश करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने तकनीकी व गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया है। आरोपी सलमान मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा स्कूटी को गांव गोच्छी के इलाके से बरामद कर लिया है।

इसी प्रकार, वाहन चोरी पर लगाम लगाने के लिए गठित की गई AVTS सिकरोना की टीम को भी एक बड़ी कामयाबी मिली है। थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज एक स्कूटी चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए टीम ने सिकराना नाके के पास से एक संदिग्ध को काबू किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रिजवान के रूप में हुई, जो फरीदाबाद के ही धौज गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी रिजवान के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है।

इसके अलावा, गत 23 मई 2026 को थाना सेक्टर-58 के अंतर्गत दर्ज चोरी के एक अन्य मामले में भी AVTS सिकरोना की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए चोरी की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को ढूंढ निकाला और उसे अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, इस मामले का मुख्य चोर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।