Noida/Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों द्वारा पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
एएसीआई के अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण कार्यक्रम के तहत डिस्ट्रिक्ट 142-एन के एलायंस फ्रेंडशिप क्लब, एलायंस प्रतीक क्लब, एलायंस प्रतीक सीनियर सिटीजन क्लब तथा एलायंस सेवा संस्था नोएडा ने नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से करीब 36 पौधे लगाए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बी.एस. तोमर और अनीता तोमर ने पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर डॉ. सी.एल. वर्मा, मुनीन्द्र कुमार त्यागी, अनुराग गुप्ता, अवधेश दुबे सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कई लोगों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मंडल प्रभारी करतार सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष रामकृष्ण यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण में सहभागिता की।
उधर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सौन्दर्यम सोसायटी में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण, पर्यावरण प्रश्नोत्तरी, प्रकृति आधारित चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डॉ. धर्मेंद्र सेंगर और डॉ. शिप्रा राम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम का आयोजन एओए की ओर से किया गया, जबकि संचालन राति गुप्ता और सुनयना सक्सेना ने किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

