June 5, 2026

चिकित्सकों को दिए संक्रमण रोकथाम और पहचान के निर्देश

Noida/Alive News: दक्षिण अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी सरकारी एवं निजी डॉक्टरों को अलर्ट जारी किया है। साथ ही इबोला वायरस के लक्षणों की पहचान, संक्रमण से बचाव और अस्पतालों में आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल जिले में इबोला वायरस संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसलिए अभी अस्पतालों में अलग से वार्ड बनाने या विशेष गाइडलाइन लागू करने का निर्णय नहीं लिया गया है। हालांकि विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर टीकम सिंह ने बताया कि इबोला वायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल संक्रमण की तरह नजर आते हैं। लेकिन, समय रहते इनकी पहचान होना बेहद आवश्यक होता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, दस्त, शरीर में तेज दर्द और गंभीर मामलों में रक्तस्राव शामिल हैं। यदि ऐसे लक्षण नजर आते हैं तो जल्द से जल्द चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। इस मामले में लापरवाही बरतना स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकता है। फिलहाल गौतमबुद्ध नगर के अस्पतालों में इबोला वायरस के लिए अलग से वॉर्ड नहीं बनाए गए हैं और ना ही कोई नई गाइडलाइन जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे।