Gungun/Alive News
Noida: महंगी कारों और मोटरसाइकिलों के साथ वीआईपी नंबर प्लेट की ओर लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। वाहन मालिक अपने वाहनों को अधिक आकर्षक और लग्जरी लुक देने के लिए पसंदीदा नंबरों पर बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं। परिवहन विभाग के आंकड़े भी इस बढ़ती मांग की पुष्टि कर रहे हैं।
परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी में 400, फरवरी में 350, मार्च में 380, अप्रैल में 300 और मई में 350 वीआईपी नंबर जारी किए गए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश लोग अपने महंगे वाहनों की पहचान अलग बनाने और प्रतिष्ठा दिखाने के लिए वीआईपी नंबर खरीदते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक 1, 10 और 45 जैसे नंबरों की मांग सबसे अधिक रहती है। इनमें भी एक नंबर सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। लग्जरी कारों के साथ-साथ प्रीमियम मोटरसाइकिलों के मालिक भी इन नंबरों को हासिल करने में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
ऑनलाइन प्रक्रिया से मिलती है वीआईपी नंबर प्लेट
वाहन के लिए वीआईपी नंबर प्राप्त करने के इच्छुक लोगों को परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होता है। आवेदक को पोर्टल पर पंजीकरण कर अपना राज्य और वाहन पंजीकरण विवरण दर्ज करना होता है। इसके बाद पसंदीदा नंबर का चयन कर ई-नीलामी प्रक्रिया में भाग लेना पड़ता है। सफल बोली लगाने वाले आवेदक को निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद नंबर आवंटित कर दिया जाता है।
15 से 50 लाख रुपये तक पहुंचती है कीमत
वीआईपी नंबर प्लेट की कीमत नंबर की लोकप्रियता और मांग के आधार पर तय होती है। विभाग के अनुसार इन नंबरों की कीमत 15 लाख रुपये से शुरू होकर 50 लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंचती है। यही वजह है कि वीआईपी नंबर अब केवल पहचान नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल के रूप में भी देखे जा रहे हैं।

