June 6, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में 50 पौधों का रोपण

Faridabad/Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), फरीदाबाद द्वारा जिला न्यायालय परिसर, सेक्टर-12, फरीदाबाद में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया।

यह कार्यक्रम 5 जून 2026 से 5 अगस्त 2026 तक चलने वाले व्यापक पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ के न्यायमूर्ति दीपक सिब्बल द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चेयरमैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद संदीप गर्ग ने अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

सभी न्यायिक अधिकारियों ने पौधारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु अपना संकल्प व्यक्त किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज में हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में सहायक सिद्ध होगा।