June 6, 2026

डीसीपी बल्लभगढ़ ने मेडिकल स्टोर संचालकों को दिए सख्त निर्देश

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में प्रतिबंधित दवाइयों पर रोक लगाने के लिए डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने मेडिकल स्टोर और केमिस्ट संचालकों के साथ बैठक की। यह बैठक 3 जून को बल्लभगढ़ लघु सचिवालय में आयोजित की गई।

बैठक में मेडिकल स्टोर संचालकों को दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और किसी भी तरह की प्रतिबंधित दवाइयां न रखने और न बेचने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि कैमरे ऐसे लगाए जाएं, जिनसे दुकान के अंदर और बाहर दोनों जगह की निगरानी हो सके।

डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि नशे पर रोक लगाने में मेडिकल स्टोर संचालकों की अहम भूमिका है। उन्होंने संचालकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मेडिकल स्टोर पर मौजूद दवाइयों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए और किसी भी अवैध गतिविधि को बढ़ावा न दिया जाए। फरीदाबाद पुलिस लगातार एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री रोकने के लिए अभियान चला रही है।

बैठक में मौजूद मेडिकल स्टोर संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।