Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा तय सभी कार्य समय पर और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करें और उनका सत्यापन भी करें। उन्होंने बताया कि जो मतदाता ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र भरेंगे, उनका भी बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के साथ लगातार संपर्क बनाकर इस अभियान को सफल बनाया जाए। बैठक में बीएलओ की नियुक्ति, प्रशिक्षण, गणना प्रपत्रों के वितरण, मीडिया प्रचार-प्रसार और अन्य जरूरी तैयारियों की भी समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम डॉ. हनी बंसल, एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

