June 5, 2026

समर स्कूल प्रेरणा-2026 का शुभारंभ, वैज्ञानिक सोच विकसित करने का अवसर

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में विज्ञान और गणित की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा इन विषयों की मजबूत समझ उन्हें भविष्य में इंजीनियर, डॉक्टर, वैज्ञानिक, उद्यमी और सिविल सेवक बनने की दिशा में आगे बढ़ाती है। वे आज ऊंचा गांव स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ‘समर स्कूल प्रेरणा-2026’ के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ हरियाणा सरकार में पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर भी मौजूद रहे। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया (एसपीएसटीआई), नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड, शिक्षा विभाग तथा विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि 3 जून से 23 जून तक चलने वाले इस विशेष समर स्कूल में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी विज्ञान एवं गणित विषयों के मूलभूत सिद्धांतों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लें, समय का सदुपयोग करें और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। 
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी स्तर पर अन्य विद्यार्थियों से कम नहीं हैं और हाल ही में बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परिणाम इसकी पुष्टि करते हैं। डीसी ने विश्वास व्यक्त किया कि समर स्कूल प्रेरणा-2026 विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को नई दिशा प्रदान करेगा।

हरियाणा सरकार के पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर ने कहा कि समर स्कूल में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए युवा मेंटर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे उन्हें नई सोच, बेहतर समझ और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में जानकारी मिलेगी। 
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, खंड शिक्षा अधिकारी बल्लभगढ़ सतीश चौधरी, डॉ रितु शर्मा सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।