June 6, 2026

मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.80 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में थाना छायंसा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव शाहजहांपुर निवासी बंटी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गांव अरूआ निवासी भारत ने शिकायत दी थी कि उसका परिचित बंटी उसे मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उससे पैसे ले गया। काफी समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।

शिकायत के आधार पर थाना छायंसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद मर्चेंट नेवी में काम करता है और उसने जान-पहचान का फायदा उठाकर शिकायतकर्ता को नौकरी का झांसा दिया।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये नकद लिए थे, जबकि 4 लाख 80 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए थे।

थाना छायंसा पुलिस ने आरोपी को 2 जून को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।