Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए नगर निगम ने नेहरू कॉलोनी में तोड़फोड़ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार सुबह से निगम की टीम ने जेसीबी मशीनों के जरिए मकानों और दुकानों को हटाना शुरू कर दिया।
नगर निगम पिछले चार दिनों से लगातार अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई कर रहा है। यह अभियान 30 मई की रात एनआईटी-3 के मस्जिद चौक इलाके से शुरू हुआ था। वहां करीब 700 गज में बनी एक मस्जिद को हटाया गया था। इसके अलावा लगभग 30 साल पुराने शिव मंदिर को भी तोड़ा गया। अधिकारियों के अनुसार अब तक 50 से ज्यादा छोटे-बड़े अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं।
नेहरू कॉलोनी में रहने वाले लोगों को मकान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपना सामान निकालकर दूसरी जगहों पर ले जा रहे हैं। कई परिवार पहले ही इलाका छोड़ चुके हैं, जबकि बाकी लोग घर खाली करने में लगे हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान इलाके की बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल करीब 50 फीट चौड़ी जमीन को खाली कराया जा रहा है, ताकि परियोजना का काम बिना रुकावट शुरू हो सके।
बुधवार सुबह करीब 7 बजे जेसीबी मशीनों ने तोड़फोड़ शुरू की। मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि यह कार्रवाई एनजीटी के आदेश पर की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड बनने के बाद इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को तेज व आसान परिवहन सुविधा मिलेगी।

