Faridabad/Alive News : प्रदेश के गेस्ट अध्यापक अपनी मांगों एवं नियमितीकरण की प्रक्रिया को लेकर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास स्थान पर पहुंचे। इस अवसर पर गेस्ट अध्यापकों ने मंत्री राजेश नागर का बुके देकर भव्य स्वागत किया और सरकार द्वारा उनके हितों में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने गेस्ट अध्यापकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं, जिससे उनमें एक नई आशा और विश्वास का संचार हुआ है। उन्होंने मंत्री राजेश नागर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि अब उन्हें जल्द ही नियमित नियुक्तियां भी दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, जॉइनिंग की उठाई मांग
इस दौरान गेस्ट अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को संबोधित एक ज्ञापन भी मंत्री राजेश नागर को सौंपा। इस ज्ञापन में नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने तथा शिक्षकों को जल्द से जल्द जॉइनिंग दिलाने की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बात रखते हुए कहा, “लंबे समय से प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे गेस्ट अध्यापक हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। इसलिए हमारे भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए।”
मंत्री राजेश नागर ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
गेस्ट अध्यापकों की मांगों को सुनने के बाद मंत्री राजेश नागर ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस विषय पर जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस विषय पर सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है।
मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि नियमितीकरण और जॉइनिंग से संबंधित मामलों में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

