Chandigarh/Alive News: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित फर्स्ट एड मास्टर्स ट्रेनर्स रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स का समापन चंडीगढ़ में हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की पंजाब राज्य शाखा ने होटल चंडीगढ़ बेकोंस, सेक्टर-42 सी में की।
समापन सत्र में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए 35 मास्टर ट्रेनर्स का उत्साहवर्धन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर पंजाब राज्य शाखा के महासचिव शिव दुलार सिंह ढिल्लो के दिशानिर्देशों में आयोजित किया गया।
समापन अवसर पर शिव दुलार सिंह ढिल्लों ने सभी ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें रेड क्रॉस के सिद्धांतों और सेवा भावना के अनुरूप कार्य करते रहना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. इत्तेंद्रपाल सिंह बाली और पंजाब शाखा की स्टेट ट्रेनिंग ऑफिसर डॉ. शाइना वर्मा की प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सराहना की।
इस कोर्स में हरियाणा राज्य के नौ और फरीदाबाद जिले के पांच मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। इनमें इशांक कौशिक, रविंद्र कुमार मनचंदा, दर्शन भाटिया, मीनू कौशल और गीता उत्प्रेति शामिल रहे।
फरीदाबाद के नेशनल मास्टर ट्रेनर एवं सराय ख्वाजा विद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मुख्यालय की नई गाइडलाइन के अनुसार जीवन रक्षा की आधुनिक तकनीकों से अपडेट किया गया। सभी ट्रेनर्स ने विभिन्न विषयों पर लेसन प्लान तैयार कर प्रैक्टिकल प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा गहराई से परखा गया।
प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर, फ्रैक्चर, ब्लीडिंग, रिकवरी पोजीशन, बेहोशी और अन्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता देने का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रतिभागियों को इमरजेंसी परिस्थितियों में प्रभावी रिस्पांस और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने के लिए नई प्रशिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।
समापन पर पंजाब राज्य शाखा के महासचिव शिवदुलार सिंह ढिल्लों ने राष्ट्रीय मुख्यालय का आभार व्यक्त करते हुए सभी मास्टर ट्रेनर्स को भविष्य में भी सेवा और प्रशिक्षण कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

