June 6, 2026

उत्कृष्ट कार्य के लिए सात श्रेणियों में पत्रकारों को मिले देवर्षि नारद राज्य स्तरीय सम्मान

devarshi-narad-journalism-awards-faridabad

Faridabad/Alive News : राज्य स्तरीय 11वें देवर्षि नारद पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारों को उत्कृष्ट कार्य के लिए 7 श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सेक्टर-87 के एक निजी स्कूल में विश्व संवाद केंद्र न्यास हरियाणा द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेश भर से पत्रकार, शिक्षाविद, उद्योगपति, नेता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा कि पत्रकार को किसी भी प्रकार के दबाव, पद, प्रतिष्ठा या आर्थिक लाभ के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में नहीं आना चाहिए। कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने केंद्र की स्थापना, उद्देश्यों और गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्व संवाद केंद्र शीघ्र ही देवर्षि नारद के विचारों और संचार परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर शोधपत्र तैयार कराने की महत्वपूर्ण पहल भी शुरू करेगा।

इस अवसर पर हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर, एमडीआईएस के निदेशक राजीव गिरधर, शिवालिक प्रिंट के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल तथा वैश्य जागृति फाउंडेशन के अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता एवं अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति, समाज को सही दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाती है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों में ग्रामीण विषयक पत्रकारिता नारद सम्मान पत्रकार रामकिशन को, सामाजिक सरोकार पत्रकारिता नारद सम्मान पत्रकार साक्षी रावत, उत्कृष्ट न्यूज पोर्टल पत्रकारिता नारद सम्मान मानसी को, उत्कृष्ट फोटो पत्रकारिता नारद सम्मान ओमप्रकाश पांचाल, नवोदित पत्रकारिता नारद सम्मान नवनीत शर्मा, पत्रकारिता सेवा नारद सम्मान विश्वजीत शर्मा और देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में संपादक पद पर रहे वरिष्ठ पत्रकार गुलशन कुमार को देवर्षि नारद आजीवन उत्कृष्ट पत्रकारिता श्रेणी में सम्मानित किया गया।