June 5, 2026

श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की मुफ्त यात्रा के लिए 6 जून तक करें आवेदन, 8 जून को कुरुक्षेत्र से चलेगी स्पेशल ट्रेन

mukhyamantri-tirth-yatra-yojana-somnath-jyotirlinga-booking

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क यात्रा का तोहफा, डीसी आयुष सिन्हा ने दी अहम जानकारी

Faridabad/Alive News : हरियाणा के अंत्योदय परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बेहद खुशी की खबर है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत राज्य सरकार बुजुर्गों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग (गुजरात) के पावन दर्शनों के लिए निशुल्क यात्रा करवाने जा रही है। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – 1000 वर्ष की धैर्यगाथा, अटूट आस्था’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

इस पावन यात्रा के लिए इच्छुक एवं पात्र श्रद्धालु 6 जून 2026 तक अपने स्मार्टफोन अथवा नजदीकी अटल सेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से अंत्योदय सरल पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 8 जून 2026 को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ के लिए रवाना करेंगे। यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से शुरू होकर करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली सहित विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होते हुए श्री सोमनाथ पहुंचेगी। फरीदाबाद जिले के पंजीकृत श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे। हालांकि, स्टेशन तक पहुंचने की व्यवस्था श्रद्धालुओं को स्वयं करनी होगी।

सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद, फरीदाबाद जिले के पात्र श्रद्धालुओं को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय (सचिवालय भवन) के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) कार्यालय में जाकर अपनी सूचना और दस्तावेजों की प्रति जमा करानी अनिवार्य है।