सोते हुए ठेकेदार को मारी थी गोली ; मुन्ना और जुलेश को कट्टा-कारतूस देने वाले आरोपी राजू और मनोज दबोचे
Faridabad/Alive News : डबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाजीपुर स्थित एक वर्कशॉप में लेबर ठेकेदार योगेश कुमार की सोते समय गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में फरीदाबाद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ (DLF) की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और कारतूस उपलब्ध कराने वाले दो मुख्य सप्लायरों को 30 मई को बिहार के जिला मधेपुरा से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजू (35 वर्ष) और मनोज (56 वर्ष) निवासी बिहारीगंज, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हथियारों की बरामदगी और सप्लायरों की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी राजू ने मुख्य आरोपी मुन्ना को 1 कट्टा व 3 कारतूस और मनोज ने 2 कट्टा व 3 कारतूस उपलब्ध कराए थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी राजू की बिहार में ही साइकिल रिपेयर की दुकान है, जबकि दूसरा आरोपी मनोज वहां एक नॉन-वेज (मीट) की शॉप चलाता है।
क्राइम ब्रांच ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुन्ना और उसके साथी जुलेश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इन दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश या विवाद के चलते पूर्णिया (बिहार) से ही ठेकेदार योगेश कुमार का पीछा करना शुरू किया था। आरोपी योगेश का पीछा करते हुए फरीदाबाद पहुंचे और गाजीपुर स्थित वर्कशॉप में जब वह सो रहा था, तब उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि बीते 22 मई की अलसुबह गाजीपुर स्थित एक वर्कशॉप में लेबर ठेकेदार योगेश कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में वर्कशॉप मालिक राजेश कुमार की शिकायत पर थाना डबुआ में हत्या के तहत मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी।

