June 6, 2026

फरीदाबाद : चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर लूटने वाले 2 और बदमाश गिरफ्तार

faridabad-crime-news-tea-seller-robbery-case-two-more-arrested

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर पैसे छीनने के मामले में दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और छीने गए 500 भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-62 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले प्रमोद कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सांई वाटिका अपार्टमेंट के सामने चाय की दुकान चलाते हैं। बीती 6 मई की सुबह करीब 3 बजे जब वह अपनी दुकान के बाहर सो रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने प्रमोद पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनसे पैसे छीनकर फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना आदर्श नगर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इस मामले जांच अपराध शाखा सेक्टर-48 को सौंपी गई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऊंचा गांव की कुम्हार कॉलोनी के रहने वाले आरोपी जतिन और ऊंचा गांव निवासी तरुण उर्फ नवीन को प्रोडक्शन वारंट पर लिया और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और छीने गए 500 बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि 6 मई की सुबह वे अपने एक अन्य साथी पुनित के साथ बाइक पर चाय की दुकान पर पहुंचे थे और इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी पुनित को पुलिस ने पहले ही 23 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।