Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच NIT टीम ने पुरानी रंजिश के चलते चलती कार पर फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष निवासी सूर्या विहार पार्ट-3, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार NIT-5 निवासी हिमांशु ने शिकायत दी थी कि 16 अप्रैल की रात करीब 1 बजे वह अपने दोस्तों सागर, राहुल और साहिल के साथ कार में BK चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बलेनो कार और एक स्कॉर्पियो उनकी गाड़ी के पीछे लग गई।
शिकायत के मुताबिक डॉक्टर टुडे अस्पताल के पास एक बलेनो कार उनकी गाड़ी के बराबर आई, जिसमें देव अंशुमन, पीयूष, हृदय, मोहित और ईशांत सवार थे। इसी दौरान कार में बैठे एक युवक ने उनकी गाड़ी पर फायर कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना NIT में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता के दोस्त जतिन की आरोपी पीयूष के साथ पुरानी कहासुनी थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी आशीष ने ही पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में पहले ही देव अंशुमन, मोहित और हृदय को गिरफ्तार किया जा चुका है।

