June 6, 2026

डीएवी सेंटेनरी कॉलेज में इंडस्ट्री अकादमिक इंटर्नशिप कनेक्ट मीट का आयोजन

Faridabad/Alive News: डीएवी सेंटेनरी कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की ओर से कॉलेज परिसर में इंडस्ट्री अकादमिक इंटर्नशिप कनेक्ट मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के लिए इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाना और शिक्षा संस्थानों व उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल बनाना था।

इस कार्यक्रम में करीब 25 उद्योगपति, व्यवसायी और विभिन्न संस्थाओं के निदेशकों ने हिस्सा लिया। साथ ही कॉलेज के विभागाध्यक्ष, IQAC समिति के सदस्य और शिक्षक भी मौजूद रहे। उद्योग प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने में डॉ. मीनाक्षी हुड्डा, डॉ. रेखा शर्मा, रचना कसाना, ओमिता जौहर और अमित कुमार की अहम भूमिका रही।

कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार और IQAC समन्वयक डॉ. जितेंद्र धुल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. निशा सिंह के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उद्योग और शिक्षा के बीच सहयोग की जरूरत पर जोर दिया।

इसके बाद डॉ. बिंदु रॉय ने कॉलेज की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज छात्रों के कौशल विकास और उद्योगों से जुड़ाव पर लगातार काम कर रहा है।

डॉ. आरती कुमारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इंटर्नशिप से जुड़े नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब दूसरे वर्ष के छात्रों के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य कर दी गई है, ताकि उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव मिल सके।

बैठक में पिछले तीन वर्षों में विभिन्न संस्थाओं के साथ हुए एमओयू की समीक्षा भी की गई। उद्योग प्रतिनिधियों ने इंटर्नशिप, प्रशिक्षण, अतिथि व्याख्यान और औद्योगिक भ्रमण जैसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में रुचि दिखाई। कई नई कंपनियों ने भी कॉलेज के साथ एमओयू करने की इच्छा जताई।

अंत में डॉ. ललिता ढींगरा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम को छात्रों के भविष्य और उद्योग–अकादमिक सहयोग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना गया।