Faridabad/Alive News: अपराध शाखा NIT की टीम ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुड्डू शाह निवासी यूरी एन्क्लेव, कैंट दिल्ली के रूप में हुई है। उसे 17 मई को उसके दिल्ली स्थित घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ददसीया निवासी संजीत कुमार ने थाना SGM नगर में शिकायत दी थी कि उसकी पहचान आकाश नाम के व्यक्ति से हुई थी। आकाश ने खुद को लोगों को नौकरी दिलाने वाला बताकर भरोसा जीता। इसके बाद संजीत ने अपने साले को नौकरी दिलाने के लिए 3 लाख 14 हजार रुपये आकाश के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
आकाश की बातों में आकर संजीत ने नौकरी की तलाश कर रहे कई अन्य लोगों को भी उससे मिलवाया। आरोप है कि आकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 31 लाख 74 हजार रुपये की ठगी की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुड्डू शाह ने भी आकाश की मदद से लोगों से पैसे लिए थे। ठगी की रकम में से 2 लाख 40 हजार रुपये गुड्डू के पास आए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि मामले में आगे पूछताछ की जा सके।
इस मामले में पुलिस पहले ही आकाश, प्रवेश और सन्नी नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

