June 6, 2026

ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, राजकुमार भाटी के खिलाफ FIR की मांग

Faridabad/Alive News: सनातन समाज फाउंडेशन और सर्व ब्राह्मण संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से थाना शहर बल्लभगढ़ पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी अन्य लोगों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया तथा एफआईआर दर्ज कराई।

इस दौरान सनातन आर्मी प्रमुख दीपक गौड़ ने आरोप लगाया कि राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर समाज की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाटी ने अन्य समाजों की महिलाओं को लेकर भी आपत्तिजनक बयान दिए हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

एडवोकेट अवधेश शर्मा ने कहा कि राजकुमार भाटी द्वारा की गई टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे ब्राह्मण समाज में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस टिप्पणी का समर्थन करते हुए समाज का मजाक उड़ाया, जिससे लोगों की भावनाएं और आहत हुई हैं।

ब्राह्मण सभा बल्लभगढ़ के अध्यक्ष ब्रिजमोहन वशिष्ठ ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से जातियों के बीच नफरत और वैमनस्य बढ़ सकता है। उन्होंने मांग की कि मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषियों पर सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान दीपक गौड़, राजेश गर्ग, अरविंद तिवारी, एडवोकेट अवधेश शर्मा, ब्रिजमोहन वशिष्ठ, अनुज शर्मा, प्रताप शर्मा, देवराज शर्मा, हेमराज शर्मा और अनुज हिंदू सहित कई लोग मौजूद रहे।