September 24, 2026

बढ़ती गर्मी से लोग बेहाल, 44 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

Noida/Alive News: लगातार एक हफ्ते से बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को भी तापमान 42 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं मंगलवार से 23 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 24 मई को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।

गर्मी के साथ-साथ शहर की हवा की गुणवत्ता भी लगातार खराब हो रही है। हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार ग्रेटर नोएडा का  एक्यूआई  260 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। वहीं नोएडा का एक्यूआई 175 रहा, जिसे मध्यम श्रेणी में रखा गया है। बढ़ते प्रदूषण और गर्मी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।