June 6, 2026

एकेटीयू ने कॉलेजों को दिए आंतरिक अंक अपलोड के निर्देश

Noida/Alive News: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के सम सेमेस्टर के छात्रों के आंतरिक अंकों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों से कहा है कि रेगुलर और कैरी ओवर विषयों के थ्योरी सेशनल और प्रैक्टिकल सेशनल अंक 11 मई से 18 मई 2026 तक ईआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएं।

विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अपलोड किए गए अंकों की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी स्पाइरल बाइंडिंग के साथ 25 मई 2026 तक संबंधित कार्यालय में जमा कराई जाए। साथ ही कॉलेजों को छात्रों के आंतरिक अंकों की सूची सूचना पट्ट पर लगाने के लिए भी कहा गया है, ताकि छात्र अपने अंक देख सकें।

एकेटीयू ने साफ कहा है कि यदि किसी संस्थान ने निर्देशों का पालन नहीं किया तो उसके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी संस्थानों से छात्रों को समय पर जानकारी देने और नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है।