June 6, 2026

12वीं में 99% अंक लाकर हिमांशी कौशिक ने बढ़ाया फरीदाबाद का मान

Faridabad/Alive News: डबुआ कॉलोनी स्थित प्रकाश बाल भारती पब्लिक स्कूल की छात्रा हिमांशी कौशिक ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। हिमांशी की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सफलता के बाद हिमांशी अपने माता-पिता दुर्वेश कौशिक और भारती कौशिक के साथ श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम, श्री सिद्धदाता आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

स्वामी जी ने हिमांशी को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए उसकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेहनत और गुरु कृपा से ही ऐसी सफलता हासिल होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और हिमांशी की उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी।

हिमांशी की इस सफलता पर स्कूल, परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उसे बधाई दी है।