Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार फरीदाबाद जिले का प्रदर्शन पिछले साल के मुकाबले कमजोर रहा है। जिले का रिजल्ट 85.05 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 91.63 प्रतिशत था। इस तरह जिले के परिणाम में 6.6 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं प्रदेश स्तर की रैंकिंग में भी फरीदाबाद 19वें स्थान से खिसककर 21वें स्थान पर पहुंच गया है।
बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं फरवरी और मार्च महीने में आयोजित हुई थीं। जिले से कुल 21,648 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 18,412 छात्र सफल रहे। वहीं 2,680 विद्यार्थियों को प्रदर्शन सुधारने का मौका दिया गया है। ये विद्यार्थी दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। इसके अलावा 556 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है।
जिले में मोहना गांव की एमबीएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल छात्रा श्वेता पांचाल ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर सीही गांव सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय हाई स्कूल की छात्रा रोशनी कुमारी रहीं, जिन्होंने 494 अंक प्राप्त किए। वहीं मोहना गांव के एनबीएम कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा साक्षी ने 493 अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।
छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका कहना है कि उन्होंने रोज चार से पांच घंटे नियमित पढ़ाई की और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर तैयारी की।
पिछले पांच वर्षों का परीक्षा परिणाम
2021 – परीक्षा आयोजित नहीं हुई
2022 – 68.92 प्रतिशत
2023 – 65.43 प्रतिशत
2024 – 93.38 प्रतिशत
2025 – 91.63 प्रतिशत

