Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश की टॉप-4 रैंक पर छात्राओं ने कब्जा जमाकर साबित कर दिया कि हरियाणा में अब “छोरियां छोरों से कम नहीं हैं।”
रेवाड़ी जिले के चिल्लर स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक हासिल कर पूरे हरियाणा में पहला स्थान प्राप्त किया।
वहीं रोहतक के रुड़की स्थित विश्ववारा कन्या गुरुकुल की छात्रा उदिता ने 498 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया।
तीसरे स्थान पर जींद जिले की दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से जगह बनाई। शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल, बुडायन की योगिता और ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, धमतान साहिब की मुस्कान ने 497 अंक प्राप्त किए।
चारों छात्राओं की इस उपलब्धि से उनके परिवार, स्कूल और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। बेटियों की इस सफलता को हरियाणा में शिक्षा और बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

