Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने सैनिक कॉलोनी में पेयजल, सफाई और सीवर ओवरफ्लो की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम का गठन किया है। यह शिकायतें जनसुनवाई शिविरों के दौरान सामने आई थीं।
महापौर के निर्देश पर बनाई गई टीम में नगर निगम फरीदाबाद के मुख्य अभियंता के साथ संबंधित एक्सईएन, एसडीओ और जेई को शामिल किया गया है। इसके अलावा एफएमडीए (FMDA) के एसई, एक्सईएन, जेई और क्षेत्र के वार्ड पार्षद भी निरीक्षण में शामिल रहेंगे।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि टीम सैनिक कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय लोगों से समस्याओं की जानकारी लेगी। अधिकारियों को पेयजल की कमी, सफाई व्यवस्था में गड़बड़ी और सीवर ओवरफ्लो की समस्याओं के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीवर लाइनों में रुकावट की भी जांच की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को साफ-सफाई, पेयजल और बेहतर सुविधाएं देना नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र के लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सैनिक कॉलोनी की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

