Gungun Sharma/Alive News
Noida: कमल प्रताप ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट देने बिसहडा गए थे, लेकिन उन्हें एस- रिवर्स ट्रैक टेस्ट में 50 सेकंड की अपेक्षा 69 सेकंड लग गये जिस कारण वह इस ड्राइविंग टेस्ट में फेल हो गए। इसी तरह लाइसेंस के लिए दिए जाने वाले टेस्ट में कई आवेदक फेल हो रहे है और उन्हे बाद में री टेस्ट की पर्ची कटवाकर फिर से टेस्ट देना पड़ रहा है।
जनपद में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आयोजित होने वाले ड्राइविंग टेस्ट की समय सीमा को लेकर आवेदकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आवेदकों का आरोप है कि टेस्ट के लिए निर्धारित समय बेहद कम है, जिसके चलते वे योग्य होने के बावजूद फेल हो रहे हैं। इस संबंध में परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें और सुझाव मिल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जनपद में ड्राइविंग टेस्ट मैसर्स शिवम एम ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, विसहड़ा प्यावली (दादरी) और मैसर्स बीबी बिल्डर्स ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, महिउद्दीनपुर (दादरी) में कराये जाते हैं।पहले भी टेस्ट में समय की कमी से संबंधित शिकायतों को विभाग द्वारा विभिन्न पत्रों के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है और हाल में एक और पत्र जारी किया गया है। जिसमें दिल्ली और नोएडा के लिए ड्राइविंग टेस्ट की समय की तुलना की गई है। दिल्ली में जहां एस ट्रैक के लिए 180 सेकंड, 8 ट्रैक के लिए 90 सेकंड, पार्किंग के लिए 120 सेकंड और ग्रेडिएंट टेस्ट के लिए 15 सेकंड का समय निर्धारित है, वहीं नोएडा में एस ट्रैक के लिए 50 सेकंड, 8 ट्रैक के लिए 45 सेकंड, पार्किंग के लिए 45 सेकंड और ग्रेडिएंट टेस्ट के लिए 45 सेकंड का ही समय दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक ड्राइविंग टेस्ट की समय सीमा को लेकर परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से कोई स्पष्ट मानक निर्धारित नहीं किए गए हैं।
इस पत्र के माध्यम से आवेदकों और अधिकारियों ने सुझाव दिया है कि एस ट्रैक के लिए 120 सेकंड, 8 ट्रैक के लिए 60 सेकंड, पार्किंग के लिए 90 सेकंड और ग्रेडिएंट टेस्ट के लिए 60 सेकंड का समय तय किया जाए। इससे योग्य आवेदकों के पास होने की संख्या बढ़ेगी और अनावश्यक फेल होने के मामलों में कमी आएगी।

