June 6, 2026

भारत इनोवेट्स 2026 को लेकर सीबीएसई सक्रिय

Noida/Alive News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम को लेकर देशभर के संबद्ध स्कूलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी कर छात्रों और शिक्षकों के बीच नवाचार, स्टार्टअप और उभरती तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां आयोजित करने को कहा है।

सीबीएसई के निर्देशों के अनुसार भारत इनोवेट्स 2026 उच्च शिक्षा विभाग की राष्ट्रीय पहल है, जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री ने 17 फरवरी 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान की थी। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 14 से 16 जून तक फ्रांस के नीस शहर में आयोजित किया जाएगा। जिसका उद्देश्य भारत की डीप-टेक इनोवेशन, स्टार्टअप इकोसिस्टम और उभरती तकनीकों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है। जिसमें देश-विदेश के इनोवेटर्स, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक और प्रमुख भारतीय संस्थान हिस्सा लेंगे। जिसमें 13 प्रमुख तकनीकी और नवाचार क्षेत्रों से जुड़े प्रोजेक्ट और आइडियाज प्रस्तुत किए जाएंगे।

सीबीएसई ने स्कूलों को भारत के बदलते इनोवेशन परिदृश्य पर सेमिनार आयोजित करने, इंट्रोडक्शन टू डीप टेक विषय पर विशेष कक्षाएं संचालित करने, भारत क्विज- हू नोज इंडिया तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता कराने का आदेश दिया है।इसके अलावा स्कूलों को छात्रों के लिए समर वेकेशन असाइनमेंट तैयार करने के लिए भी कहा गया है।

बोर्ड ने छात्रों को गतिविधियों से जुड़े शॉर्ट वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने तथा आधिकारिक हैंडल @BharatInnovates2026 को टैग करने के लिए कहा है।