Noida/Alive News: सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन किया। इस मौके पर अस्पताल की स्टाफ नर्सों ने केक काटकर आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल को याद किया और मरीजों की बिना किसी भेदभाव के सेवा करने का संकल्प लिया।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि हर वर्ष 12 मई को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। यह दिन फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मरीजों की देखभाल से लेकर इमरजेंसी की जिम्मेदारी तक, नर्सें हर परिस्थिति में सबसे पहले खड़ी नजर आती हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस वर्ष 1974 में मनाया गया था। यह दिवस नर्सों के समर्पण, साहस और सेवाभाव को सम्मान देने का अवसर है। नर्सें केवल स्वास्थ्यकर्मी नहीं बल्कि सेवा, करुणा और मानवता की मिसाल हैं, जो मरीजों को नई उम्मीद देती हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के सीएमएस, सीएमओ, नर्सिंग स्टाफ और मरीज भी मौजूद रहे।
फ्लोरेंस नाइटिंगेल के बारे में बताया
सीएमएस ने बताया कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल को लेडी विद लैंप के नाम से जाना जाता है। उनका जन्म 12 मई 1820 को इटली में हुआ था। समृद्ध परिवार से होने के बावजूद उन्होंने लोगों की सेवा के लिए नर्सिंग को चुना। वर्ष 1854 में क्रीमिया युद्ध के दौरान उन्होंने घायल सैनिकों की दिन-रात सेवा की। रात में हाथ में लैंप लेकर मरीजों की देखभाल करने के कारण उन्हें ‘लेडी विद लैंप’ कहा जाने लगा। उनका जीवन आज भी नर्सों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

