June 6, 2026

डेंगू-मलेरिया को लेकर जिला अस्पताल अलर्ट

Noida/Alive News:गर्मी का मौसम नजदीक आते ही डेंगू और मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया है। संभावित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में पहले से ही व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत एक अलग वार्ड तैयार किया गया है, जहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला अस्पताल के सीएमओ डॉ. अजय राणा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गर्मियों की शुरुआत के साथ ही डेंगू और मलेरिया से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का स्टॉक पहले ही मंगवा लिया गया है और पर्याप्त बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही प्रत्येक बेड पर मच्छरदानी लगाई गई है, ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। जल्द ही डॉक्टरों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी जाएगी।

नर्सिंग ऑफिसर महेंदर ने बताया कि हर साल बड़ी संख्या में डेंगू के मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। मरीजों की जांच सबसे पहले ब्लड टेस्ट के माध्यम से की जाती है। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार शुरू किया जाता है। गंभीर मामलों में मरीजों के लिए अलग से विशेष इलाज की व्यवस्था भी की जाती है। इलाज के दौरान डॉक्टर नियमित रूप से मरीजों की निगरानी करते हैं, जबकि नर्सिंग स्टाफ समय-समय पर दवाइयां और पानी उपलब्ध कराता है। हर साल इसी तरह मरीजों का इलाज किया जाता है।