June 6, 2026

ऑनलाइन ट्रक बुकिंग के नाम पर 35 हजार की ठगी, खाताधारक को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ऑनलाइन ट्रक बुकिंग के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 35 हजार रुपये आए थे।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कायमगंज निवासी बिमलेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार दयाल नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 21 मार्च को वह अपनी कंपनी का सामान भेजने के लिए गूगल पर ट्रक बुकिंग सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई।

फोन करने वाले व्यक्ति ने 70 हजार रुपये में सामान भेजने की बात तय की और एडवांस के तौर पर आधी रकम मांगी। शिकायतकर्ता ने बताए गए खाते में पैसे भेज दिए, लेकिन इसके बाद ठगों से संपर्क नहीं हो पाया।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने खाताधारक बिमलेश को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी के 35 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी 5वीं पास है और बेरोजगार है।