June 6, 2026

आईडीटीआर सेंटर के लिए करना होगा इंतजार

Gungun Sharma/Alive News

Noida: नोएडा शहरवासियों को सेक्टर-117 स्थित सोरखा गांव में बन रहे प्रदेश के पहले इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रेनिंग रिसर्च (आईडीटीआर) सेंटर के लिए अभी कुछ समय और इंतजार करना पड़ेगा। इस परियोजना की घोषणा पिछले साल अप्रैल में की गई थी, जिसके बाद से लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह देखा गया। केंद्र सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट के लिए परिवहन विभाग को 17 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। करीब 10 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे इस सेंटर का निर्माण कार्य फिलहाल जारी है। 
आरआई संजय कुमार गुप्ता के अनुसार, निर्माण कार्य को पूरा होने में अभी लगभग दो से तीन महीने का समय लग सकता है। निर्माण पूरा होने के बाद सेंटर का निरीक्षण अन्य संस्था आईसीएटी सहित द्वारा किया जाएगा। इसके बाद परिवहन विभाग भी अंतिम निरीक्षण कर कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र जारी करेगा। फिर संस्था निरीक्षण और कार्य  पूरा होने से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर परिवहन विभाग को जारी करेगी, सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही सेंटर का संचालन शुरू किया जा सकेगा।
इस सेंटर में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए वाहन चालकों के टेस्ट लिए जाएंगे, साथ ही ड्राइविंग प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि तीन महीने की होगी और सफल प्रतिभागियों को सरकार से मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, यहां ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़ी विभिन्न रिसर्च गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

आईडीटीआर सेंटर को ऑटो मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (एडीटीसी) की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां टेस्ट और प्रशिक्षण दोनों सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सेंटर का निर्माण सरकार द्वारा कराया जा रहा है, जबकि संचालन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपी जाएगी। हालांकि, इसकी निगरानी सरकार के स्तर पर ही होगी।

तीन जगह देखी जमीन

गौरतलब है कि नोएडा में इस सेंटर के लिए तीन स्थानों पर जमीन देखी गई थी, लेकिन एक साथ 10 एकड़ भूमि उपलब्ध न होने के कारण अंततः सेक्टर-117 के सोरखा गांव में जमीन फाइनल की गई। जिलाधिकारी द्वारा भी इस स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है।

पांच एडीटीसी को मान्यता

गौतमबुद्ध नगर में 5 ऑटो मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (एडीटीसी) को मान्यता मिली है। लेकिन, सिर्फ बिसाहड़ा में एक सेंटर चल रहा है। जहां पर लोगों को जाने में परेशानी होती है। जिसे देखते हुए नोएडा के सोरखा गांव में आईडीटीआर सेंटर खोलने का काम शुरू किया गया था पर अभी तक खत्म नहीं हुआ है। यूपी में नौ सेंटर खुलने हैं और गौतमबुद्धनगर नगर से इसकी शुरुआत होगी।