June 6, 2026

एकेटीयू समेत शिक्षण संस्थानों से स्व-गणना में सहयोग की अपील

Noida/Alive News: जनगणना कार्य निदेशालय ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय समेत प्रदेश के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को स्व-गणना अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संस्थान जागरूकता अभियान चलाकर कर्मचारियों व विद्यार्थियों को ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।

निर्देशों के अनुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का फील्ड कार्य शहर में 22 मई से 20 जून 2026 तक कराया जाएगा। इससे पहले नागरिकों को अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा 7 मई से 21 मई तक उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर जाकर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। स्व-गणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे फील्ड कार्य के दौरान घर आने वाले जनगणना प्रगणक को दिखाना अनिवार्य होगा। निदेशालय ने संस्थानों से अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा है।

इसके साथ ही स्व-गणना से जुड़ी गतिविधियों के फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निर्धारित हैशटैग के साथ साझा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस अभियान के समन्वय के लिए संदीप मालवीय को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।