June 6, 2026

इन्वेस्टमेंट के नाम पर 1.62 लाख की ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना एनआईटी की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष, सचिन, रोहित और रमन के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी पानीपत और एक सोनीपत का रहने वाला है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एनआईटी-5 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि उसे टेलीग्राम पर कुछ लोगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को PIMCO कंपनी से जुड़ा बताकर निवेश करने का लालच दिया। उन्होंने फर्जी प्रॉफिट रिपोर्ट और ज्यादा रिटर्न का झांसा देकर पीड़ित से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 62 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पीड़ित को न तो मुनाफा मिला और न ही पैसे वापस मिले।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मनीष खाताधारक था। उसने अपना बैंक खाता सचिन को दिया, फिर सचिन ने रोहित को और रोहित ने आगे रमन को खाता उपलब्ध कराया। इस खाते में ठगी के 34 हजार रुपये आए थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से चारों को जमानत मिल गई।