June 6, 2026

फार्म हाउस में चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, सामान और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच NIT टीम ने फार्म हाउस में चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई 4 कुर्सियां, एक तार का बंडल, एक सोलर बैटरी, 5500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव गौठड़ा मोहताबाद निवासी मैमपाल ने थाना धौज में शिकायत दी थी कि उसके समधी का गांव नेकपुर में फार्म हाउस है। 10 अप्रैल को अज्ञात चोर फार्म हाउस से सोलर पैनल की तीन बैटरियां, केबल, कनेक्टर, कुर्सियां और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने पर थाना धौज में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच NIT की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बकर मोहम्मद उर्फ बक्कू और अहशान उर्फ रेट्टू निवासी गांव धौज के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अहशान फार्म हाउस की खिड़की से अंदर घुसा था, जबकि बकर बाहर मोटरसाइकिल के साथ खड़ा था। चोरी में बकर की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था।