June 6, 2026

गर्मियों में पासपोर्ट की मांग, केंद्र पर लंबी कतारें

Gungun Sharma/Alive News :

Noida: गर्मियों के सीजन के साथ ही देश-विदेश यात्रा, पढ़ाई और नौकरी की बढ़ती योजनाओं ने पासपोर्ट बनवाने की मांग में तेज उछाल ला दिया है। सेक्टर-19 स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर इन दिनों सुबह से ही आवेदकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बढ़ती भीड़ के चलते अपॉइंटमेंट के लिए भी लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।

पासपोर्ट असिस्टेंट महेश के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रोजाना औसतन 80 आवेदक पहुंच रहे हैं। इनमें करीब 70 लोग पासपोर्ट बनवाने और 10 लोग पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) के लिए आवेदन कर रहे हैं। अधिकतर आवेदक विदेश में नौकरी, उच्च शिक्षा या पर्यटन के उद्देश्य से पासपोर्ट बनवाने आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पासपोर्ट आवेदन के लिए पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य है। हालांकि, बढ़ती मांग के कारण अपॉइंटमेंट की वेटिंग करीब एक महीने तक पहुंच गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर पासपोर्ट तैयार किया जाता है और लगभग 18 दिनों के भीतर आवेदक के पते पर भेज दिया जाता है।

अगर 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 1200, फरवरी में 1300, मार्च में 1500 और अप्रैल में 1400 पासपोर्ट जारी किए गए हैं। ये आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि हर महीने पासपोर्ट आवेदन में बढ़ोतरी हो रही है, जो देश- विदेश जाने के बढ़ते रुझान को दर्शाता है।

विदेश और पर्यटन के लिए बढ़ी दिलचस्पी

गर्मी बढ़ते ही लोग विदेश और ठंडी जगहों पर घूमने की योजना बना रहे हैं। थाईलैंड, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं। वहीं देश के भीतर नैनीताल, मसूरी, मनाली और शिमला जैसे हिल स्टेशनों पर घूमने के लिए भी लोग पासपोर्ट बनवा रहे हैं।

दस्तावेजों की कमी बन रही बाधा

केंद्र पर कई ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं, जहां अधूरे दस्तावेजों के कारण पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया अटक रही है। खासकर नाबालिगों के मामलों में माता-पिता की एड्रेस आईडी, जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षिक प्रमाण पत्र (10वीं-12वीं की मार्कशीट) का अभाव समस्या बन रहा है।

पासपोर्ट के लिए जरूरी दस्तावेज

पासपोर्ट बनवाने के लिए मुख्य रूप से पता प्रमाण (आधार कार्ड, वोटर आईडी, बिजली बिल, राशन कार्ड, रेंट एग्रीमेंट), जन्म तिथि प्रमाण (जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस) और फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) आवश्यक होते हैं।