August 28, 2026

इलेक्ट्रिक बस सेवा को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस

Noida/Alive News : नोएडा के सेक्टर-35 स्थित मोरना डिपो से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने के बाद से यात्रियों का अच्छा रिस्पांस देखने को मिल रहा है। आरामदायक सफर, कम शोर और प्रदूषण मुक्त यात्रा के कारण लोग इलेक्ट्रिक बसों से सफर करना पसंद कर रहे हैं। खासकर गर्मी के मौसम में एसी सुविधा होने से यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

इलेक्ट्रिक बस के संचालक विनोद रावत ने बताया कि शहर में जब से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ है, तभी से यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 20 से 25 यात्री इन बसों के माध्यम से सफर कर रहे हैं। इन बसों के जरिए यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिल रही है। साथ ही इन बसों में एसी सुविधा उपलब्ध होने के कारण लोग इसमें ज्यादा सफर करना पसंद कर रहे हैं। बसों में कम शोर और आरामदायक सीटिंग व्यवस्था होने से यात्रियों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे इन बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ने की संभावना है।

दैनिक यात्री अंशुल कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में सफर काफी शांत और आरामदायक है। इस गर्मी में एसी बस से अलीगढ़ तक का सफर करना काफी बेहतर अनुभव साबित हो रहा है।

वहि मनोज ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें न केवल सुविधाजनक हैं, बल्कि इससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।