June 6, 2026

झूठी लूट की कहानी बनाकर 13 लाख हड़पने की कोशिश, कर्मचारी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने पैसे छीनने की झूठी सूचना देकर मालिक को गुमराह करने वाले एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 12.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान नवल किशोर निवासी गांव दरियापुर, जिला इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी पांडव नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ईस्ट दिल्ली के पड़पड़गंज निवासी शैलेश राम ने थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उसने अपनी कंपनी के कर्मचारी नवल किशोर को 6 मई 2026 को 13 लाख रुपये फरीदाबाद में एक व्यक्ति को देने के लिए भेजा था। नवल शाम को स्कूटी पर पैसे लेकर निकला था।

शाम करीब 7:15 बजे नवल ने फोन कर बताया कि दिल्ली-मथुरा हाईवे पर बाटा चौक फ्लाईओवर के पास दो बाइक सवार उसका पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। लेकिन शिकायतकर्ता को उसकी बात पर शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि नवल ने खुद ही पैसे छिपाकर लूट की झूठी कहानी बनाई थी।

मामले की सूचना मिलने पर थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से कंपनी में काम कर रहा था। 13 लाख रुपये लेकर निकलने के बाद उसने पैसे दिल्ली स्थित अपने घर में छिपा दिए थे और बाद में फरीदाबाद पहुंचकर लूट की झूठी सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी से 12 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।