June 6, 2026

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में आए दुष्यंत चौटाला, सरकार से मांगे मानने की अपील

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नगर निकायों में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए राज्य सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेकर तुरंत बातचीत करनी चाहिए, ताकि हड़ताल खत्म हो सके और शहरों की बिगड़ी सफाई व्यवस्था को सुधारा जा सके।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, समान काम के लिए समान वेतन, 60 प्रतिशत डीए, नियमित भर्ती, ठेका प्रथा खत्म करना, न्यूनतम वेतन बढ़ाना और मुआवजा राशि में वृद्धि जैसी मांगें शामिल हैं।

पूर्व डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन आज कर्मचारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

दुष्यंत चौटाला ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों को अस्थायी भर्ती की धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के साथ टकराव की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण शहरों की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। मुख्य सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं और कई दिनों से सफाई न होने के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

दुष्यंत चौटाला ने सरकार से अपील की कि वह अपनी कर्मचारी विरोधी नीतियों को छोड़कर सफाई कर्मचारियों की मांगों को जल्द स्वीकार करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट सके।