Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 75 हजार रुपये और चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहली घटना थाना मुजेसर क्षेत्र की है। गांव गौंछी निवासी पवन ने शिकायत दी थी कि सेक्टर-23 स्थित उसकी “श्री बालाजी” नाम की वर्कशॉप के बाहर रखे 5 स्क्रू बैरल 5 मई को चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने नितिन कैथ और तरनजीत उर्फ राहुल निवासी पर्वतीय कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्क्रू बैरल और 1 लाख 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों अपने एक अन्य साथी के साथ ऑटो में वर्कशॉप पहुंचे थे और वहां से स्क्रू बैरल चोरी कर ले गए। चोरी के सामान को उनके साथी ने करीब 2 लाख 40 हजार रुपये में बेच दिया था।
दूसरी घटना सेक्टर-19 की है, जहां राज सैनी ने शिकायत दी थी कि नवंबर 2025 में घर शिफ्टिंग के दौरान उसने एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी की सेवा ली थी। सामान शिफ्ट होने के बाद जांच करने पर उसके घर से नगदी और आभूषण चोरी मिले।
इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने गांव बड़खल निवासी वाजिद को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसने शिफ्टिंग के दौरान करीब 3 लाख रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

