Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक आरोपी को असम से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिनारूल हक (निवासी गांव सालीकाजार, जिला दरंग, असम) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 26 अप्रैल को असम से पकड़ा गया और उसे 5 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर फरीदाबाद लाया जा रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मिनारूल हक ने सम्भु प्रसाद शाह और मोहम्मद सरफराज के नाम से एक संयुक्त बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में करीब 30 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
इस मामले की शिकायत सेक्टर-29 फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने 30 दिसंबर 2025 को दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 नवंबर 2025 को उसे फेसबुक पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसके बाद दोनों की व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। युवती ने उसे शेयर मार्केट में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने ठगों द्वारा भेजे गए फर्जी लिंक पर अकाउंट बनाया और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 86 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। उसके अकाउंट में लगभग 2 करोड़ 22 लाख रुपये दिखाए जाने लगे।
जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उससे 22 लाख रुपये और जमा कराने को कहा गया। तभी उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

