June 6, 2026

ट्रम्प का ‘गोल्ड कार्ड’ वीजा रहा फेल, अब तक सिर्फ 1 व्यक्ति ने लिया

International/Alive News: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बहुचर्चित ‘गोल्ड कार्ड’ वीजा प्रोग्राम उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। अब तक इस योजना के तहत सिर्फ एक व्यक्ति ने ही वीजा लिया है।

यह वीजा उन विदेशी लोगों के लिए है जो 10 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) देकर अमेरिका में रहने और काम करने का अधिकार पा सकते हैं।

अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक ने संसदीय समिति में बताया कि फिलहाल सैकड़ों आवेदन प्रक्रिया में हैं, लेकिन अभी तक सिर्फ एक ही वीजा जारी हुआ है।

इससे पहले सरकार का दावा था कि लॉन्च के कुछ ही दिनों में करीब 1300 आवेदन बेचे गए हैं, जिनकी कुल कीमत हजारों करोड़ रुपये बताई गई थी।

ट्रम्प ने फरवरी 2025 में इस योजना की घोषणा की थी। शुरुआत में इसकी कीमत 5 मिलियन डॉलर रखी गई थी, जिसे बाद में घटाकर 1 मिलियन डॉलर कर दिया गया।
यह वीजा खास तौर पर अमीर विदेशियों के लिए बनाया गया है। इसके जरिए उन्हें अमेरिका में स्थायी रूप से रहने की अनुमति मिलती है, हालांकि उन्हें वोट देने और पासपोर्ट जैसे कुछ अधिकार नहीं मिलेंगे।

ट्रम्प का कहना था कि इस योजना से टैलेंटेड लोगों को अमेरिका में रोका जा सकेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा था कि इससे मिलने वाला पैसा टैक्स कम करने और सरकारी कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगा।

इसके अलावा ट्रम्प ने ‘ट्रम्प गोल्ड कार्ड’, ‘ट्रम्प प्लेटिनम कार्ड’ और ‘कॉर्पोरेट गोल्ड कार्ड’ जैसे अन्य वीजा विकल्प भी पेश किए हैं।