Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की वेदराम कॉलोनी में 19 अप्रैल को हुई चाकूबाजी के मामले में थाना पल्ला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम धीरज है, जो वेदराम कॉलोनी का ही रहने वाला है। उसे 22 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, वेदराम कॉलोनी के रहने वाले हरीचंद ने शिकायत दी थी कि अंकित नाम का व्यक्ति उनके घर की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहता है। 19 अप्रैल को वह शराब पी रहा था। इसी दौरान उसकी बहन उसे घर ले जाने आई।
कुछ देर बाद अंकित का भांजा धीरज भी वहां पहुंच गया, जिसके हाथ में चाकू था। जब हरीचंद गली के बाहर खड़े थे, तभी धीरज ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से भाग गया।
शिकायत मिलने के बाद थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में धीरज ने बताया कि उसकी मां और शिकायतकर्ता के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी बात से गुस्से में आकर वह चाकू लेकर मौके पर पहुंचा और हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

