Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-6 में स्थित एक निजी कंपनी के बाहर सोमवार को सैकड़ों मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना है कि सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन बढ़ाए जाने के बावजूद कंपनी उनकी सैलरी नहीं बढ़ा रही है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि वे कई सालों से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन अभी भी उन्हें पुराने वेतन पर ही काम करना पड़ रहा है। बिहार के रहने वाले मोहम्मद मैनुद्दीन ने कहा कि वह पिछले 20 सालों से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी सैलरी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।
वहीं, महिला कर्मचारी अनिता ने बताया कि वह पिछले 6 सालों से यहां काम कर रही हैं। उनसे ओवरटाइम कराया जाता है, लेकिन उसका पूरा भुगतान नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि उन्हें हर महीने केवल 10 से 12 हजार रुपये वेतन मिलता है, जो आज की महंगाई में बहुत कम है।
मजदूरों का कहना है कि घर का किराया, गैस सिलेंडर, राशन और बच्चों की स्कूल फीस लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी आमदनी नहीं बढ़ रही। इससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
मजदूरों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन ने उन्हें 2 दिन का समय दिया है। अगर इस दौरान उनकी सैलरी न्यूनतम वेतन के अनुसार नहीं बढ़ाई गई, तो वे काम बंद कर हड़ताल करेंगे।
मजदूरों की मुख्य मांग है कि सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन के अनुसार उनकी सैलरी तुरंत बढ़ाई जाए।

